![]()
रायबरेली: जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज रिंग रोड फेज-02 के निर्माणाधीन कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण गुणवत्ता और भूमि अधिग्रहण संबंधी विस्तृत जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि यह 04 लेन की परियोजना है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 22 किलोमीटर है। परियोजना को 30 अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है और इसकी भौतिक प्रगति लगभग 55 प्रतिशत है। परियोजना में 03 आरओबी और 04 प्रमुख जंक्शन (लखनऊ रोड, कानपुर रोड, फतेहपुर (डलमऊ) रोड और प्रयागराज रोड) शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। उन्होंने जोर दिया कि रिंग रोड फेज-02 जनपद की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के साथ-साथ शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, अधिशासी अभियंता सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय वरुण वार्षणेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Source link
डीएम ने रिंग रोड फेज-02 का किया निरीक्षण:निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का लिया जायजा