![]()
मुरादाबाद में सोनकपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मपुर नगलिया गांव में शादी के 4 महीने बाद एक नवविवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या कर शव को लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गुरुवार की है। 11 मार्च को धूमधाम से हुई थी शादी मृतका की पहचान 28 वर्षीय शीला के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शीला की शादी इसी साल 11 मार्च को इस्लामनगर क्षेत्र के गांव सुराई से बड़े ही धूमधाम और लाखों रुपये के दान-दहेज के साथ हुई थी। शीला का पति मुकुट सिंह एक निजी क्लीनिक में कंपाउंडर का काम करता है। अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे। मांग पूरी न होने पर शीला को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी लालच में आकर उन्होंने शीला की हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया। हंगामे की स्थिति, पुलिस ने संभाला घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंच गए और ससुराल वालों की करतूत देख उनका गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने मौके पर हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया- सोनकपुर थाना क्षेत्र में नवविवाहिता का शव मिलने के मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
शादी के 4 महीने बाद नवविवाहिता का शव लटका मिला:मुरादाबाद में मायके पक्ष का आरोप- लाखों की शादी के बाद भी और पैसे मांग रहे थे