![]()
मैनपुरी में गुरुवार शाम हुई रिमझिम बारिश से भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। जिले के कई इलाकों में हुई बारिश से तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि किसानों का कहना है कि खरीफ फसलों, विशेषकर धान की रोपाई के लिए अभी लगातार और अच्छी बारिश की जरूरत है। गुरुवार सुबह से ही मैनपुरी में आसमान पर बादलों का डेरा रहा। शाम करीब पांच बजे किशनी, कुरावली, घिरोर और करहल समेत जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हुई। ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से घटकर लगभग 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश के दौरान कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से प्रभावित रही। किसानों ने बारिश का स्वागत तो किया, लेकिन इसे खेती के लिए पर्याप्त नहीं बताया। किसान रंजीत ने कहा कि यह बारिश मौसम को ठंडा करने के लिए अच्छी है, लेकिन धान की रोपाई के लिए लगातार और तेज बारिश की आवश्यकता है। जिन किसानों ने धान की नर्सरी तैयार कर ली है, वे अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। किसान रामवीर सिंह ने बताया कि जून महीने में सामान्य से कम बारिश होने के कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन सकी और धान की नर्सरी भी पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई। उनका कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होती है तो खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी और बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ेगी। इस समय जिले के किसान मक्का, बाजरा और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी में जुटे हैं। खेतों की जुताई सहित अन्य कृषि कार्य पूरे किए जा रहे हैं और अब सभी की निगाहें मानसून की अच्छी बारिश पर टिकी हैं। बिजली विभाग ने जारी की सावधानी की अपील बारिश को देखते हुए बिजली विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अवर अभियंता मुकेश कुमार ने कहा कि बरसात के दौरान बिजली के पोल, ट्रांसफॉर्मर, टूटे तार और अन्य विद्युत उपकरणों में करंट आने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के समय बिजली के पोल या खुले तारों के पास न जाएं। यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें और उसे छूने का प्रयास बिल्कुल न करें। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन किसानों की उम्मीदें अब मानसून की लगातार और अच्छी बारिश पर टिकी हैं, क्योंकि खरीफ सीजन की सफलता काफी हद तक आने वाले दिनों की वर्षा पर निर्भर करेगी।
Source link
मैनपुरी में रिमझिम बारिश से गर्मी से राहत:किसानों ने कहा- धान की रोपाई के लिए अभी और बारिश जरूरी