आगरा कॉलेज के सामने रस्सी लगा कर ट्रैफिक नियंत्रित करते पुलिस कर्मी
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) की पहली पाली समाप्त होते ही शहर की प्रमुख सड़कों पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। एक साथ हजारों परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलने का असर यातायात पर भी दिखाई दिया।
.
सबसे अधिक दबाव आगरा कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर रहा, जहां एमजी रोड पर लंबा जाम लग गया और लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक समय तक फंसना पड़ा।

रेंगते रहे वाहन
आगरा कॉलेज परीक्षा केंद्र से जैसे ही अभ्यर्थी परीक्षा देकर बाहर निकले, केंद्र के बाहर जाम जैसी स्थिति बन गई। देखते ही देखते एमजी रोड पर आगरा कॉलेज से हरिपर्वत चौराहे तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सामान्य तौर पर पांच मिनट में तय होने वाला यह रास्ता 15 से 20 मिनट में पूरा हो सका। वहीं एमजी रोड पर रावली मंदिर से लेकर जिला अस्पताल तक भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

एमजी रोड पर लगा लंबा जाम
जाम की आशंका को देखते हुए आगरा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस पहले से ही केंद्र के बाहर तैनात थी। अभ्यर्थियों को सीधे सड़क पर आने से रोकने और किसी भी दुर्घटना की संभावना को टालने के लिए आगरा कॉलेज गेट के बाहर रस्सी लगाकर बैरिकेडिंग की गई। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के बाहर आने से यातायात प्रभावित हो गया।
यातायात को सामान्य कराने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगातार लाउडस्पीकर से वाहन चालकों और राहगीरों को निर्देश देते रहे। शहर में एमजी रोड पर सामान्य दिनों में भी जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन यूपी-टेट परीक्षा के चलते बुधवार को यातायात का दबाव और बढ़ गया, जिससे लोगों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।