![]()
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र की 22 साल की एक युवती ने अपने पिता और कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने उन पर मारपीट करने, जान से मारने की कोशिश करने और नकदी व जेवर लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का दावा करते हुए पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। युवती जान्हवी पाल के अनुसार, बचपन में उनकी मां का निधन हो गया था, जिसके बाद उनका पालन-पोषण उनके दादा-दादी ने किया। जान्हवी का कहना है कि उनके पिता अशोक पाल ने दूसरी शादी कर ली और वे पानीपत में रहने लगे। पीड़िता ने बताया कि जब उनके दादा उनकी शादी की तैयारी कर रहे थे, तभी 28 जून 2026 को उनके पिता, चाची, बुआ और अन्य लोग घर में घुस आए। उन्होंने जान्हवी के साथ मारपीट की और उन्हें सड़क पर घसीटा। शिकायत के मुताबिक, घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान, आरोपियों ने युवती के दादा के घर में तोड़फोड़ की और लगभग एक लाख रुपये नकद तथा शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात भी कथित तौर पर लूट लिए।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पिता पहले उन्हें दिल्ली और पानीपत ले जाकर प्रताड़ित करते थे और जहर देकर मारने का प्रयास भी किया था। 29 जून को एक बार फिर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की कोशिश की गई। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी धमकी देने का आरोप है। युवती का कहना है कि उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया है कि मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link
युवती ने पिता-रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप:कानपुर देहात में मारपीट, जानलेवा हमला और लूट का आरोप, SP से शिकायत