![]()
सुल्तानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र में गोमती नदी में डूबे दूसरे किशोर का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही नदी में नहाते समय डूबे दोनों किशोरों की मौत की पुष्टि हो गई है। पुलिस और स्थानीय गोताखोर लगातार तलाश अभियान में जुटे हुए थे। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने इसकी जानकारी दी। बुधवार को सोहगौली निवासी पंच बहादुर कोरी के पुत्र अमन (13) और रामरूप कोरी के पुत्र साहिल (12) अपने कुछ साथियों के साथ निरसहिया गांव के पास गोमती नदी में नहाने गए थे। बच्चों ने नदी किनारे अपनी साइकिल, कपड़े और चप्पल उतारकर रखे थे। काफी देर तक दोनों के नदी से बाहर न आने पर उनके साथियों ने गांव में इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नदी किनारे खोजबीन शुरू कर दी। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर कुड़वार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक बाबू दयाल यादव, उपनिरीक्षक अमरजीत यादव और दीवान राज नारायण पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। ग्रामीणों के सहयोग से तलाश अभियान चलाया गया। साहिल का शव बुधवार शाम को ही नदी से बरामद कर लिया गया था, जबकि अमन की तलाश जारी थी। गुरुवार को अमन का शव भी मिल गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Source link