अमेठी में बारिश से पहले जलभराव रोकने की तैयारी तेज:नगर पंचायत और तहसील प्रशासन ने शुरू किया नाला सफाई अभियान


अमेठी में मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर पंचायत और तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से नाला सफाई अभियान शुरू किया है। यह अभियान उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पंकज मिश्रा के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर पंचायत क्षेत्र की सभी छोटी-बड़ी नालियों की सफाई की जा रही है। जेसीबी मशीनों और दर्जनों सफाईकर्मियों की मदद से नालों से गाद, पॉलिथीन और अन्य कचरा निकाला जा रहा है, ताकि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके। गौरतलब है कि हर साल मानसून के दौरान अमेठी नगर पंचायत क्षेत्र में भीषण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। बारिश का पानी उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आवास, क्षेत्राधिकारी (सीओ) आवास, तहसील परिसर, कोतवाली और रजिस्ट्री कार्यालय सहित अधिकतर सरकारी कार्यालयों में भर जाता है। इससे आम जनता और अधिकारियों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एसडीएम पंकज मिश्रा ने बताया कि इस बार बारिश से पहले ही सभी नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी, ताकि जलभराव की समस्या से स्थायी निजात मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। नगर पंचायत प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में अपना सहयोग दें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *