![]()
प्रयागराज के मेजा में तिहरा हत्याकांड के पीड़ित परिवार के साथ मंत्री नंदी सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले। मंत्री नंदी ने सीएम को घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ बुलडोजर एक्शन की मांग की। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने 19 जून को मेजा के नीबी कुकुरकटवा गांव में तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया था।
साथ ही उन्होंने पीड़ित परिजनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराने का वादा किया था। मंत्री नन्दी ने बुधवार को मेजा तिहरा हत्याकांड के पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाई। जिनमें राम निरंजन गुप्ता, अमरनाथ गुप्ता, पवन गुप्ता, मुकेश गुप्ता, विशेष गुप्ता, राधा गुप्ता, लोकपति गुप्ता, चंद्रिका प्रसाद साहू शामिल रहे। तीन लोगों की हुई थी हत्या पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में 15 जून की रात श्याम लाल गुप्ता (65), इंद्रावती देवी (58) और अमरावती देवी (52) की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई थी। तीनों के शव घर के बाहर मिले थे। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी हिमांशु यादव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद हिमांशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि हत्यारोपी हिमांशु ने समाजवादी टाइगर के नाम से फेसबुक पर चैलेंज देते हुए पोस्ट किया था। चैलेंज देने के बाद चौथे दिन उसने विभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया था। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपी जेल से बाहर आने के बाद दोबारा ऐसी घटना को अंजाम दे सकता है, जिससे परिवार को खतरा महसूस हो रहा है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई किए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिया कि उनको न्याय दिलाया जाएगा। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कातिलों को कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी। सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ है। उनको हर प्रकार से सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
Source link
हत्याकांड के पीड़ितों के साथ मंत्री नन्दी सीएम से मिले:मेजा तिहरे हत्याकांड के पीड़ितों को लेकर गए मंत्री, बुल्डोजर एक्शन की मांग