![]()
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे एक सड़क हादसे में 16 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान झलिया विशंभरपुर गांव निवासी अंश पटेल (16) पुत्र सुभाष पटेल के रूप में हुई है। अंश अपनी मां और एक रिश्तेदार के साथ मऊआइमा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव से बाजार जा रहा था। देलूपुर-रानीगंज मार्ग पर पूरे रामसहाय गांव के सामने पहुंचने पर सामने से आ रहे एक टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंश पटेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार अंश की मां सुमन देवी (45) पत्नी सुभाष पटेल और रिश्तेदार शांति देवी (46) पत्नी राम सजीवन गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। सीओ रानीगंज प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ट्रैक्टर चालक और ट्रैक्टर को हिरासत में लिया गया है मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में युवक की मौत:बाइक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, दो महिलाएं गंभीर घायल