![]()
कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात तेज रफ्तार कार रॉन्ग साइड से चलते हुए डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार में सवार महिलाएं और बच्चे बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अझुवा कस्बे के वार्ड नंबर-8 स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, कार चालक मानसिंह मौर्य (निवासी रसूलपुर गिरसा, थाना कोखराज) अपने साथियों और परिवार के सदस्यों के साथ ग्राम कानवार से दावत खाकर भैला मकदूमपुर, करारी लौट रहे थे। कार में चालक समेत चार पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे सवार थे। रास्ते में रॉन्ग साइड से जा रही कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सीधा कराया और यातायात सामान्य कराया। इसके बाद वाहन को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
Source link
रॉन्ग साइड से जा रही कार डिवाइडर से टकराकर पलटी:कौशांबी में 4 घायल, हाईवे पर लगा जाम; पुलिस ने क्रेन से गाड़ी हटवाया