भाजपा पार्षद के बेटे ने पुलिसकर्मी को दौड़ाकर पीटा:गोरखपुर में साथियों के साथ हमला कर किया अधमरा, 4 गिरफ्तार


गोरखपुर शाहपुर थाना क्षेत्र के असुरन चौराहे के पास सोमवार की रात करीब 10 बजे ई-रिक्शा चालक ने सिपाही की बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि विरोध करने पर ई-रिक्शा चालक ने अपने साथियों को बुला लिया। जिन्होंने सादे कपड़े में जेल रोड चौकी पर जा रहे सिपाही को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारने वालों में भाजपा पार्षद का बेटा भी शामिल था। अयोध्या जिले के रहने वाले सिपाही विक्रांत सिंह ने भाजपा पार्षद के बेटे समेत 5 लोगों के खिलाफ शाहपुर थाने में मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। सीसीटीवी कैमरा फुटेज से पहचान कर पुलिस ने 4 आरोपियों को मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश चल रही है।
अब जानिए पूरा मामला… अयोध्या जिले के इनायतनगर, हैरिंगटनगंज निवासी विक्रांत सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं। उनकी तैनाती शाहपुर थाने की जेल रोड चौकी पर है। तहरीर देकर उन्होंने बताया है कि सोमवार रात वह सादे कपड़ों में शाहपुर थाने से जेल रोड चौकी जा रहे थे। असुरन स्थित गोविंद काम्प्लेक्स के पास एक ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। विरोध करने पर ई-रिक्शा चालक ने अपने चार-पांच साथियों को मौके पर बुला लिया। सिपाही का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में भोंदू सिंह का नाम भी शामिल है, जिसे सिपाही पहले से पहचानता था। पुलिस ने भोंदू सिंह और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीसीटीवी कैमरे से हुई आरोपियों की पहचान पुलिस के अनुसार, भोंदू सिंह शाहपुर वार्ड नंबर 43 की भाजपा पार्षद ज्ञानती देवी का बेटा है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर टोनी अहमद निवासी खरैया पोखरा, अंशु साहनी, आशीष कुमार निवासी आवास विकास कालोनी और डब्लू गौड़ निवासी शाहपुर पानी की टंकी को गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा पार्षद के बेटे भोंदू सिंह की तलाश चल रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। फरार आरोपी की तलाश चल रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *