![]()
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को सोहरामऊ क्षेत्र के एक वाटर-पार्क का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं के साथ समय बिताया और उन्हें स्वावलंबन के लिए प्रेरित किया। बच्चों को वाटर पार्क घुमाया गया, उनके साथ विचार साझा किए और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। राज्यपाल ने बालिकाओं से उनके अनुभवों और आवश्यकताओं के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि राजभवन में बालिकाओं के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। राजभवन में रविवार को बालिकाओं को बुलाकर भोजन-प्रशिक्षण, जूडो, संगीत तथा अन्य शैक्षिक एवं व्यावसायिक कौशल सिखाए जाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि बालिकाओं को घर जैसा माहौल दिया जाता है ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें और उनमें हीन भावना न आए। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी उपस्थित थे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए राजभवन के इन प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, उपजिलाधिकारी हसनगंज प्रज्ञा पाण्डेय और तहसीलदार अवनीश कुमार को अपनी स्वयं लिखित पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के स्टाफ के सदस्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, सीडीओ कृतिराज सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
उन्नाव में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वाटर-पार्क का भ्रमण किया:बालिकाओं को स्वावलंबन के लिए प्रेरित किया, राजभवन में प्रशिक्षण की जानकारी दी