![]()
चंदौली जिला मुख्यालय से दूर चकरघट्टा थानाक्षेत्र के तेंदुआ गांव में एक महिला की जहरीले जंतु के काटने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान 35 वर्षीय मीना देवी के रूप में हुई है। उनके पति पन्नालाल पिछले लगभग 10 वर्षों से मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं और इधर-उधर घूमते रहते हैं। मीना ही अपनी तीन बेटियों, 15 वर्षीय आरती, 12 वर्षीय ज्योति और 10 वर्षीय प्रीति का पालन-पोषण कर रही थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जानकारी के अनुसार, मीना अपनी तीनों बच्चियों के साथ घर के अंदर सो रही थीं। इसी दौरान किसी जहरीले जंतु ने उन्हें काट लिया। मीना पहले घबरा गईं, लेकिन बाद में उन्होंने इसे चूहे का काटना समझकर अनदेखा कर दिया और सो गईं। सुबह उनकी तबीयत गंभीर होने लगी, जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने उन्हें तत्काल नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। नौगढ़ में डॉक्टरों ने मीना की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला संयुक्त अस्पताल चकिया रेफर कर दिया। चकिया में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मीना को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ईश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे और चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार को सूचित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनय मिश्रा ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि लड़कियों के पालन-पोषण के लिए आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
Source link
चंदौली में जहरीले जंतु के काटने से महिला की मौत:सोते समय काटा, पति मानसिक रूप से विक्षिप्त