पोनी रोड चौड़ीकरण पर PWD ने चस्पा किए नोटिस:भवन स्वामियों में नाराजगी, तय चौड़ाई से अधिक जमीन लेने का आरोप


उन्नाव शहर में पोनी रोड चौड़ीकरण को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मंगलवार को भवन स्वामियों के घरों पर नोटिस चस्पा किए। इन नोटिसों के बाद क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने को लेकर भवन स्वामियों में नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि पहले तय चौड़ाई से अधिक जमीन लेने की तैयारी की जा रही है। सदर विधायक पंकज गुप्ता के निर्देश पर पोनी रोड के चौड़ीकरण के साथ ही डामर सड़क निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। इसी संबंध में पिछले माह सदर विधायक ने लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने पांच जून से सड़क की नापजोख का काम शुरू कराया था, जिसमें सड़क के दोनों ओर चार-चार मीटर तक निशान लगाए गए थे। लोक निर्माण विभाग की टीम ने सड़क किनारे बने करीब सौ भवनों पर नोटिस चस्पा किए हैं। इन नोटिसों में भवन स्वामियों से कहा गया है कि वे अपने स्थायी और अस्थायी निर्माण को स्वयं हटा लें। ऐसा न करने पर पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। भवन स्वामियों को किसी भी आपत्ति या अभिलेखीय साक्ष्य के साथ चार जुलाई तक लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड कार्यालय में सहायक अभियंता बीके श्रीवास्तव और एके गुप्ता से संपर्क करने का समय दिया गया है।
नोटिस चस्पा होने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने विरोध जताया है। भवन स्वामियों का कहना है कि पोनी रोड की चौड़ाई पहले ही आठ मीटर निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसमें एक मीटर और बढ़ाने की बात कही जा रही है। लोगों का सवाल है कि जब पहले से सड़क चौड़ीकरण के लिए जगह निर्धारित थी, तो अतिरिक्त जमीन लेने की जरूरत क्यों पड़ रही है? इस मामले पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एचडी अहरवार ने बताया कि चौड़ीकरण के लिए जहां तक निशान लगाए गए हैं, उतनी ही जमीन ली जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *