![]()
ललितपुर जिले के महरौनी कस्बे में सोमवार शाम गाय खरीदने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे चले, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। इनमें से दो गंभीर घायलों को झांसी रेफर किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे महरौनी के पशु बाजार में हुई। थाना बानपुर के ग्राम दिदौरा निवासी मजबूत सिंह (35) और भगत सिंह यादव (48), दोनों पशु व्यापारी हैं। वे अपने परिजनों के साथ पशु बाजार में गाय बेचने गए थे। इसी दौरान एक गाय खरीदने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इस मारपीट से पशु बाजार में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों के चार-चार लोग घायल हुए। एक पक्ष से मजबूत सिंह, उनके भाई मनखुशी (40), कल्यान सिंह (32) और तेज सिंह (28) घायल हुए। इनमें से कल्यान और मजबूत की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। दूसरे पक्ष से भगत यादव, उनके पुत्र शैलेन्द्र (26) और मानवेन्द्र (24), तथा भाई सजन (50) घायल हुए। महरौनी पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
ललितपुर में पशु खरीदने पर विवाद:दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, आठ घायल, दो झांसी रेफर