![]()
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के उचौली गांव में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे बकरी चराने गई 65 वर्षीय महिला का शव गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने रिश्ते के एक नाती पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उचौली गांव निवासी शिवरानी (65) पत्नी बाबू सोमवार सुबह करीब नौ बजे रोज की तरह बकरी चराने के लिए घर से निकली थीं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। शाम करीब साढ़े छह बजे गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि नहर किनारे महिपाल यादव के गन्ने के खेत में एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शिवरानी के रूप में की। बताया जा रहा है कि महिला के गले में साड़ी के पल्लू का फंदा लिपटा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृतका के तीन बेटे अखिलेश कुमार, नंदकिशोर, मायाराम तथा एक विवाहित बेटी हैं। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह, क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार, कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ बृजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले में अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों की तहरीर और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Source link
सीतापुर में गन्ने के खेत में मिला महिला का शव:रिश्ते के नाती पर हत्या की आशंका, घर से सुबह से गायब थी वृद्ध