सील हुए कोचिंग संचालकों ने एलडीए में लगाई गुहार,:बोले- दोबारा जांच कराएं, मानक पूरे हैं तो खोलें सील


लखनऊ में अलीगंज अग्निकांड के बाद अग्नि और विद्युत सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर चल रही कार्रवाई के बीच सोमवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) मुख्यालय में अलग नजारा देखने को मिला। सील किए गए कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालक दस्तावेजों के साथ एलडीए पहुंचे और अपने संस्थानों की दोबारा जांच कराने की मांग की। कानपुर रोड सेक्टर-बी स्थित पीडब्ल्यू डिफेंस कोचिंग संस्थान के संचालक विकास सिंह ने हेल्प डेस्क पर आवेदन देते हुए दावा किया कि जिस एमवी टावर में उनका संस्थान संचालित हो रहा है, वहां अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त निकास द्वार, फायर सेफ्टी उपकरण समेत आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद हैं। ऐसे में संयुक्त टीम मौके पर निरीक्षण करे और मानक पूरे मिलने पर सील हटाई जाए। अलीगंज अग्निकांड के बाद एलडीए ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कई कोचिंग सेंटरों, नर्सिंग होम और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई की थी। अब प्रभावित संचालकों को अपनी बात रखने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने का अवसर देने के लिए प्राधिकरण ने विशेष हेल्प डेस्क शुरू की है। हेल्प डेस्क के पहले ही दिन 24 संचालकों ने आवेदन और शपथ पत्र जमा किए। इनमें सबसे अधिक जोन-2 से 14 आवेदन, जोन-1 से 6, जोन-6 से 3 और जोन-5 से 1 आवेदन प्राप्त हुआ। जबकि जोन-3, 4 और 7 से कोई आवेदन नहीं आया। एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें संबंधित जोनल अधिकारियों को भेजा जाएगा। इसके बाद एलडीए, अग्निशमन विभाग और विद्युत सुरक्षा निदेशालय की संयुक्त टीम 24 से 72 घंटे के भीतर मौके पर निरीक्षण करेगी। यदि जांच में सभी सुरक्षा मानक पूरे मिलते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए सील खोलने पर निर्णय लिया जाएगा। अलीगंज अग्निकांड के बाद राजधानी में सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती जारी है। ऐसे में अब निगाहें संयुक्त निरीक्षण पर टिकी हैं कि कितने संस्थान तय मानकों पर खरे उतरते हैं और कितनों को अभी सुरक्षा व्यवस्थाओं में सुधार करना होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *