![]()
गोंडा में कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। शनिवार देर शाम औंगद करनाल में आयोजित राजपूत क्षत्रिय कुलभूषण पृथ्वीराज चौहान जयंती एवं मूर्ति अनावरण समारोह में उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, तब तक भारतीय जनता पार्टी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। राजपूत समाज को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी अपनी मौजूदा राजनीतिक स्थिति से संतुष्ट हैं और इससे आगे बढ़ना नहीं चाहते। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि वे राहुल गांधी की तरह संतुष्ट न रहें, बल्कि लगातार आगे बढ़ने का प्रयास करें। सलाहकारों पर भी साधा निशाना पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के सलाहकार कांग्रेस के लिए काम करते हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि उनका लाभ भाजपा को मिलता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर ऐसे मुद्दे उठाते हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से अनुकूल साबित होते हैं। ‘मेहनत से पत्थर भी पानी बन जाता है’ अपने संबोधन में बृजभूषण ने लोगों को मेहनत और निरंतर प्रयास का संदेश दिया। उन्होंने एक कविता का उल्लेख करते हुए कहा कि जब इंसान पूरी ताकत से प्रयास करता है तो पत्थर भी पानी बन जाता है। उन्होंने युवाओं और समाज के लोगों से निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। एकजुट रहने की दी सलाह बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सफल लोगों की संगत से सीख मिलती है, जबकि निकम्मे लोगों के साथ रहने से व्यक्ति भी पीछे रह जाता है। उन्होंने समाज को एकजुट रहने की सलाह देते हुए कहा कि बड़े लक्ष्य सामूहिक प्रयास से ही हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अकेले बड़े बदलाव नहीं ला सकता, इसलिए समाज को साथ लेकर चलना जरूरी है।
Source link
गोंडा में बृजभूषण का राहुल गांधी पर हमला:बोले- जब तक वह विपक्ष के नेता हैं, भाजपा को चिंता की जरूरत नहीं