वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत:तीसरा साथी घायल, परिजनों ने एंबुलेंस देरी से पहुंचने के लगाए आरोप


हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम करीब 5:45 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान लखीमपुर जनपद के मैगलगंज थाना क्षेत्र के महोरनियां गांव निवासी रजनीश (24) और रवि (22) के रूप में हुई है। घायल दोस्त शिवा (21) का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। रजनीश दिल्ली की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था और 15 दिन पहले ही गांव आया था। जानकारी के अनुसार, रजनीश रविवार शाम करीब 5:45 बजे अपनी बाइक से पिहानी के मझिया गांव में रहने वाली अपनी बड़ी बहन रजनी से मिलने जा रहा था। उसके साथ गांव निवासी दोस्त रवि और शिवा भी थे। पिहानी-बूढ़ा गांव खटेली मार्ग पर घुरेला गांव के पास एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस घटनास्थल पर और बाद में सीएचसी दोनों जगह देरी से पहुंची। रजनीश के बड़े भाई अनुज के मुताबिक, करीब 30 मिनट तक एंबुलेंस न आने पर पुलिस ने निजी वाहन से घायलों को सीएचसी पिहानी पहुंचाया। सीएचसी में हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन वहां भी एंबुलेंस करीब 35 मिनट की देरी से पहुंची। इस दौरान रजनीश ने सीएचसी में ही दम तोड़ दिया, जबकि रवि की मौत मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में हो गई। कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *