![]()
शाहजहांपुर में रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एक बाइक और स्कूटी की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल का एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान फर्रुखाबाद निवासी प्रमोद और उनके साले हरदोई निवासी रजत के रूप में हुई है। यह घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे कलान रोड स्थित रघुवंशी पैलेस के पास हुई। फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के नहरैया गांव के 25 वर्षीय प्रमोद अपने छह साल के बेटे आयुष और हरदोई जिले के सवायजपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव के 20 वर्षीय साले रजत के साथ कलान थाना क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बाइक और स्कूटी सवार सड़क पर गिर गए। इस हादसे में प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। रजत और आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद स्कूटी सवार घायल मौके से चले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। वहां डॉक्टरों ने रजत को भी मृत घोषित कर दिया। आयुष का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी है। परिजन मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। घायल बच्चे का इलाज चल रहा है।
Source link
शाहजहांपुर में स्कूटी-बाइक टक्कर में 2 की मौत:शादी में जा रहे साले-बहनोई की जान गई, 6 साल का बच्चा घायल