बस्ती में ट्रक यूनियन की हड़ताल शनिवार तक स्थगित:प्रशासन की पहल पर बनी सहमति, माल ढुलाई के किराये का समाधान निकालने का प्रयास


बस्ती में ट्रक यूनियन और व्यापारियों के बीच चल रहे माल ढुलाई विवाद को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रशासन की मौजूदगी में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट पर आयोजित इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच वार्ता के बाद ट्रक यूनियन की प्रस्तावित हड़ताल शनिवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इस अवधि में सीमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर माल ढुलाई के किराये का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। यह बैठक दोपहर करीब दो बजे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर आयोजित की गई थी। इसमें क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक, पुरानी बस्ती थाना प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक राशिद बैग मिर्जा, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारी, फर्टिलाइजर एवं सीमेंट कंपनियों के डीलर तथा प्रतिनिधियों के साथ-साथ ट्रक यूनियन के पदाधिकारी और व्यापारी शामिल हुए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी संवाद के माध्यम से विवाद का समाधान निकालने पर जोर दिया। प्रशासन ने सीमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों को बुलाकर माल ढुलाई के किराये का उचित निर्धारण कराने का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन के बाद ट्रक यूनियन ने अपनी प्रस्तावित हड़ताल को शनिवार तक स्थगित करने पर सहमति व्यक्त की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि माल परिवहन व्यवस्था बाधित होने से व्यापार और आम जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सभी पक्षों से आपसी समन्वय और बातचीत के माध्यम से स्थायी समाधान निकालने का आग्रह किया। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया कि सभी संबंधित पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष निर्णय लिया जाएगा, ताकि परिवहन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *