पुलिस ने यात्री का लाखों का बैग लौटाया:सात लाख के जेवर और कैश था, बस में गलती से बदल गए थे


देवरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक यात्री का सात लाख रुपये के जेवर और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित लौटा दिया। यह कार्रवाई बस में गलती से बैग बदल जाने के बाद की गई। यह घटना रविवार दोपहर की है। महुआडीह निवासी विश्वामित्र विनय सिंह बस्ती से अपने घर लौट रहे थे। गौरीबाजार में बस से उतरते समय उनका बैग हरदोई निवासी ओमकार पांडेय के बैग से गलती से बदल गया। दोनों यात्रियों को उस समय बैग बदलने का पता नहीं चला था। देवरिया पहुंचने पर ओमकार पांडेय को बैग बदलने का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल सदर कोतवाली की सिविल लाइन पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अनित राय और आरक्षी पंकज शुक्ला ने सक्रियता दिखाते हुए बैग को अपने कब्जे में लिया। पुलिस टीम ने बैग के वास्तविक स्वामी विश्वामित्र विनय सिंह की पहचान की और उनसे संपर्क साधा। उसी दिन शाम चार बजे पुलिस ने उन्हें उनका बैग सुरक्षित सौंप दिया। बैग में सोने का हार, एक जोड़ी टॉप्स, सोने की चेन, हाथ प्लानी, मंगलसूत्र और 12 हजार रुपये नकद के साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित पाए गए। अपना बैग सुरक्षित मिलने पर विश्वामित्र विनय सिंह ने सिविल लाइन पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।कोतवाल राकेश राय ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि ऐसी कार्रवाई पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करती है। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *