![]()
संभल में 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) और लाइनमैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना में युवक को बचाने दौड़े उसके चाचा भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। यह घटना 18 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे संभल की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव काशीपुर में हुई। मृतक की पहचान अमन कुमार (20) पुत्र अमर सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल चाचा का नाम मोनू पुत्र सतपाल है। परिजनों के अनुसार, अमन खेत में मक्का के सूखे भुट्टों से दाने अलग कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन ट्रैक्टर-ट्रॉली और मक्का निकालने वाली मशीन से छू गई, जिससे अमन को करंट लग गया। अमन को बचाने के प्रयास में उसके चाचा मोनू भी गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया और बिजली की लाइन बंद करने के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विरास यादव ने अमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार को थाना प्रभारी धीरज नगर ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात जेई और लाइनमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अमन अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।
Source link
संभल में करंट से युवक की मौत, जेई-लाइनमैन पर FIR:भतीजे को बचाने दौड़े चाचा भी झुलसे, खेत में कर रहा था काम