![]()
सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र में एक बंद मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। रविवार शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से दो स्पीकर कॉलम और एक छत का पंखा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर से अन्य सामान भी चुराया था, जिसकी तलाश जारी है। यह मामला औजपुरा क्षेत्र का है। यहां की निवासी गीता, जो स्वर्गीय संजय कुमार की पत्नी हैं, ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह सिडकुल में कार्यरत हैं और उनका परिवार हरिद्वार में रहता है। गीता 5 जून को अपने घर आई थीं और 12 जून को घर बंद करके हरिद्वार लौट गई थीं। इसी बीच, पड़ोसियों ने उन्हें सूचित किया कि उनके घर से कई दिनों से पानी बह रहा है। जब वह 26 जून को वापस लौटीं, तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर उन्हें पता चला कि अज्ञात चोर घर में घुसकर पानी की मोटर, छत का पंखा, गैस सिलेंडर, दो स्पीकर कॉलम और एम्प्लीफायर चुरा ले गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। थाना सदर बाजार पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई। मुखबिर की सूचना पर नवीन नगर, गली नंबर-3 निवासी हर्ष उर्फ हर्षी पुत्र नवाब सिंह तोमर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को रेलवे कॉलोनी स्थित गोपाल मंदिर के पास से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए दो काले रंग के GBL कंपनी के स्पीकर कॉलम और लाल रंग का BLACK AND BERRY कंपनी का छत का पंखा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं को बढ़ाया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। इस चोरी का खुलासा करने वाली थाना सदर बाजार पुलिस टीम में कार्यवाहक थाना प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक विपिन कुमार और उपनिरीक्षक अमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Source link
सहारनपुर में बंद मकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने दो स्पीकर और पंखा बरामद किया