बैठक में अनुपस्थित दो बीईओ से मांगा गया जवाब:प्रयागराज में डीएम सख्त; स्कूलों से हाईटेंशन लाइन हटाएं, लापरवाही पर दर्ज होगा मुकदमा


प्रयागराज जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग की जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, वहां जल्द काम पूरा किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बैठक में अनुपस्थित रहने पर करछना और कोरांव के खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से स्पष्टीकरण भी मांगा गया। हाईटेंशन लाइन और बिजली कनेक्शन जल्द पूरे करने के निर्देश बैठक में बताया गया कि भुगतान होने के बावजूद 26 विद्यालयों से हाईटेंशन लाइन अब तक नहीं हटाई गई है। इस पर डीएम ने चेतावनी दी कि किसी हादसे की स्थिति में संबंधित अधिशासी अभियंता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं, 218 स्कूलों में धनराशि जमा होने के बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं हुए हैं। डीएम ने इसे तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। स्कूल चलो अभियान पर रहेगा विशेष फोकस जिलाधिकारी ने 1 से 15 जुलाई तक चलने वाले ‘स्कूल चलो अभियान’ में सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कक्षा 5 और 8 पास करने वाले सभी बच्चों का क्रमशः कक्षा 6 और 9 में प्रवेश कराया जाए। नामांकन की पूरी जानकारी पोर्टल और ऐप पर समय से अपडेट करने के भी निर्देश दिए गए। स्कूलों की सुविधाएं और पढ़ाई होगी बेहतर डीएम ने स्कूलों में फर्नीचर, दिव्यांग शौचालय, बाउंड्रीवॉल, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं तय मानकों के अनुसार उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय और अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन देने और ‘निपुण प्लस ऐप’ पर नियमित फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार का माध्यम होना चाहिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *