![]()
बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके परिवार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की और तमंचे से गोली चलाई। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाई है। शिकारपुर के मोहल्ला चैनपुरा निवासी प्रवीन पुत्र पुरुषोत्तम ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के सोनू, जौनी, पप्पन (पुत्रगण करन सिंह) और तुषार (पुत्र अजय) से उनकी पुरानी रंजिश है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी आए दिन उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकियां देते हैं। विवाद की मुख्य वजह एक पुराना मुकदमा है जो न्यायालय में विचाराधीन है, और आरोपी उस मुकदमे में फैसले का दबाव बना रहे हैं। प्रवीन के अनुसार, 26 जून 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे जब वह किसी काम से बाहर जा रहा था, तो आरोपी सोनू ने उसका रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर सोनू ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। प्रवीन किसी तरह वहां से बचकर निकला। आरोप है कि बाद में सोनू और जौनी शराब के नशे में प्रवीन के घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने फोन करके पप्पन और तुषार को भी बुला लिया, जो तमंचे और धारदार हथियारों से लैस थे। मारपीट के दौरान पप्पन ने प्रवीन पर सीधी गोली चला दी, लेकिन उसके भाई द्वारा धक्का दिए जाने से प्रवीन की जान बाल-बाल बच गई। शोर-शराबा सुनकर जब पड़ोसी इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि उनके पास आरोपियों की करतूतों और तमंचे की तस्वीरें मौजूद हैं। इससे पहले की एक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद है।
Source link
पुरानी रंजिश में परिवार पर हमला:दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की, गोली चलाने का आरोप