![]()
उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में अजमत नगर गांव के पास उन्नाव-संडीला मार्ग पर शनिवार देर रात एक ट्रक और डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। यह हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक और डंपर की टक्कर के बाद आग की लपटें तेजी से फैल गईं। आग को विकराल रूप लेते देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। हादसे में डंपर चालक रविकांत (पुत्र बृजकिशोर, निवासी जहांगीराबाद, बाराबंकी) और परिचालक अमित यादव (पुत्र संतराम, निवासी देवां, बाराबंकी) घायल हो गए। वहीं, ट्रक चालक की पहचान अदनान (पुत्र राजीव उर्फ रज्जन, निवासी मोबिनाबाद, शहर कोतवाली, हरदोई) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घायल चालकों और परिचालक को मियागंज और सफीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसके कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। प्रारंभिक जांच में आमने-सामने की टक्कर को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Source link
ट्रक-डंपर में टक्कर के बाद लगी आग, VIDEO:हादसे में तीन लोग घायल, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया