रायबरेली में मुहर्रम जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न:डीएम-एसपी ने संभाली कमान, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


रायबरेली जिले में मुहर्रम का ऐतिहासिक जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान पारंपरिक गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली। मुहर्रम का यह पर्व इस्लाम धर्म के नए साल की शुरुआत का प्रतीक है। इसके 10वें दिन (आशूरा) को पैगंबर हजरत मोहम्मद स.अ. के नवासे हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की कर्बला के मैदान में शहादत की याद में मनाया जाता है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने स्वयं कमान संभाली। दोनों अधिकारियों ने मुहर्रम के विभिन्न जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और रूट मार्च कर सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस बल को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और अकीदतमंदों को असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी आधुनिक ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से की गई। रायबरेली में मुहर्रम का जुलूस आपसी एकता का प्रतीक रहा है। इस वर्ष भी स्थानीय नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों ने अंजुमनों का स्वागत किया। विभिन्न समुदायों के लोगों ने सहयोग कर सौहार्द का प्रदर्शन किया। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के लिए जगह-जगह पानी और शरबत के इंतजाम किए गए थे। ढोल-ताशों के साथ ‘या हुसैन’ की सदाएं लगाते हुए लोगों ने इमाम हुसैन की शहादत को याद किया। जिला प्रशासन की मुस्तैदी और जनता के आपसी सहयोग से यह पर्व गरिमामयी, शांतिपूर्ण और सुगम ढंग से संपन्न हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *