पुलिस को धक्का देकर भागे बदमाश का हाफ एनकाउंटर:जिला अस्पताल से फरार हुआ था तेजाब कांड का आरोपी, 80 मिनट में पुलिस ने पकड़ा


मुजफ्फरनगर में खालापार थाना पुलिस ने शुक्रवार को तेजाब कांड के आरोपी शाहनवाज को मेडिकल के दौरान पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार होने के करीब 80 मिनट बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, सुजड़ू के जंगल में कूड़ा निस्तारण प्लांट के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक, किदवई नगर निवासी शाहनवाज पुत्र रफीक को गुरुवार रात मछली बाजार के पास से गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे उसे कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इसी दौरान दोपहर करीब 12:55 बजे उसने खालापार थाने के सिपाही संदीप और शेर सिंह से हाथापाई कर उन्हें धक्का दिया और फरार हो गया। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई। खालापार, शहर कोतवाली, नई मंडी और सिविल लाइन थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी सुजड़ू के जंगल की ओर भागा है। पुलिस ने कूड़ा निस्तारण प्लांट के पास उसे घेर लिया। पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि भागने के दौरान आरोपी की बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध हथियार भी बरामद हुआ है। पत्नी के गुप्तांग पर तेजाब डालने का आरोप पुलिस के अनुसार, शाहनवाज पर अपनी पत्नी गुलफशा के साथ बर्बरता करने का आरोप है। उसे पत्नी के चरित्र पर शक था। आरोप है कि 7 जून को उसने पत्नी के हाथ-पैर बांधकर उसके गुप्तांग पर तेजाब डाल दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़िता के मायके पक्ष ने 23 जून को खालापार थाने में तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार रात आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन अगले ही दिन मेडिकल के दौरान वह फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि आरोपी पहले भी जेल जा चुका है और उसके खिलाफ तीन अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *