![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के देवरिया में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले समाजवादी पार्टी के नेता और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अवनीश यादव को पुलिस ने उनके आवास पर रोक दिया। शुक्रवार को देवरिया मुख्यालय स्थित उनके घर से पुलिस ने उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया। सपा नेताओं ने इसे ‘हाउस अरेस्ट’ बताया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले सदर कोतवाली पुलिस सुबह रुद्रपुर स्थित अवनीश यादव के आवास पर पहुंची। अवनीश यादव ने पहले बाइक से और फिर कार से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और उनके समर्थकों के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई। अवनीश यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी लिखित आदेश के घर में नजरबंद किया गया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक तरीके से आने-जाने के अधिकार का उल्लंघन बताया। यादव का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विपक्षी नेताओं को घरों में रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से अवनीश यादव को घर से बाहर रोकने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Source link
सीएम योगी के दौरे से पहले सपा नेता रोके गए:पुलिस ने अवनीश यादव को देवरिया स्थित आवास से बाहर निकलने नहीं दिया