मुरादाबाद में तेंदुए ने भाई -बहन पर किया अटैक:बाइक से भाई को पेट्रोल देने जा रहे थे, वन विभाग की टीम कर रही तलाश


मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात जंगल के पास बाइक सवार भाई-बहन पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, लेकिन भाई की सूझबूझ से उनकी जान बच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दूसरे भाई को पेट्रोल देने जा रहे थे अहरौला गांव निवासी नेत्रपाल सिंह अपनी बहन पुष्पा के साथ गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे दूसरे भाई को पेट्रोल देने जा रहे थे। उनका भाई कुछ दूरी पर बाइक का पेट्रोल खत्म होने के कारण सड़क किनारे रुका हुआ था। दोनों जैसे ही गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल के पास पहुंचे, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उनकी बाइक पर झपट्टा मार दिया। बाइक गिराने की कोशिश, भाई ने बढ़ा दी रफ्तार तेंदुए ने हमला कर दोनों को बाइक से गिराने की कोशिश की। अचानक हुए हमले के बावजूद नेत्रपाल ने घबराने के बजाय बाइक की रफ्तार तेज कर दी। तेज गति होने के कारण तेंदुआ उन्हें गिराने में सफल नहीं हो सका और कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद जंगल की ओर लौट गया। घायल हालत में गांव पहुंचे, अस्पताल में कराया गया भर्ती तेंदुए के हमले में घायल भाई-बहन किसी तरह गांव अहरौला पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज किया। पुलिस और वन विभाग ने किया मौका मुआयना घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। वन विभाग क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। डेढ़ महीने पहले मिले थे दो शावक ग्रामीणों के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले अहरौला गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर धनुपुरा तुरखेड़ा के जंगल में मादा तेंदुए के दो शावक मिले थे। बाद में मादा तेंदुआ दोनों शावकों को अपने साथ ले गई थी। इसके बाद से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीणों में दहशत, तेंदुए को पकड़ने की मांग घटना के बाद अहरौला और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और जंगल के आसपास निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल लोगों को रात के समय जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *