महिला से विवाद के बाद युवक की मौत:कानपुर देहात में झगड़े के बाद सिर पर हमला, दंपती हिरासत में


कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते एक युवक की मौत हो गई। पड़ोस में रहने वाली महिला से कहासुनी के बाद हुए झगड़े में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक नीलू और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना रनिया थाना क्षेत्र के खानचंद्रपुर रोड स्थित एक किराए के मकान की है। जानकारी के अनुसार, यहां रहने वाले कुलदीप का गुरुवार शाम करीब सात बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान कुलदीप ने कथित रूप से महिला का हाथ पकड़ लिया था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति नीलू को दी। आरोप है कि गुस्से में पहुंचे नीलू ने पास में रखी एक भारी वस्तु से कुलदीप के सिर पर वार कर दिया। चोट लगते ही कुलदीप जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर व नाक से खून बहने लगा। घटना के बाद नीलू और अन्य लोग घायल कुलदीप को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही रात करीब नौ बजे मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। कुलदीप की पत्नी पूजा, जो घटना के समय अपने मायके बरौर में थी, वह भी अस्पताल पहुंची। इस दौरान परिजनों और पत्नी की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए। पत्नी ने फैक्ट्री मालिक पर हत्या कराने का आरोप लगाया, जबकि कुछ लोगों ने मकान मालिक की भूमिका पर भी सवाल उठाए। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में महिला से हुए विवाद के बाद मारपीट में मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी को मौके पर भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *