![]()
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलोदा क्षेत्र के हतनारा गांव में गुरुवार रात मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस में शामिल ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। जानकारी के अनुसार, गांव में मुहर्रम के अवसर पर ताजियों का जुलूस निकाला जा रहा था, जिसमें करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 10 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया। इस दौरान ताजिया के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और कई लोग इसकी चपेट में आ गए। मृतकों में रशीद खान और सड्डू पिता मोहम्मद हुसैन के नाम सामने आए हैं। तीसरे मृतक की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए… मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती घटना के बाद घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। कुछ घायलों को परिजन निजी अस्पतालों में भी लेकर गए। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में पांच घायलों का इलाज जारी है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में अनास पिता अकरम (16), मोइन शाह पिता इश्क शाह (35), रहीम खान, अख्तियार खान और इरफान शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल पहुंचने से पहले थम चुकी थीं धड़कनें रतलाम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्र सोलंकी ने बताया कि जब घायलों को अस्पताल लाया गया, तब तीन लोगों की धड़कनें नहीं चल रही थीं। एक शव मेडिकल कॉलेज में रखा गया है, जबकि दो अन्य शव निजी अस्पताल ले जाए गए। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हादसे के कारणों की जांच जारी पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि ताजिया किस परिस्थिति में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया। बताया गया है कि बिजली की हाईटेंशन लाइन गांव में करीब 10 फीट ऊंचाई से गुजर रही थी। मामले की जांच जारी है।
Source link
हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, 3 लोगों की मौत:रतलाम में 10 से ज्यादा झुलसे, कई गंभीर; मुहर्रम जुलूस में 200 लोग थे शामिल