![]()
हरदोई जनपद के पिहानी कोतवाली क्षेत्र में एक किसान की सांड के हमले से मौत हो गई। किसान अपने गन्ने के खेत की रखवाली कर रहा था, तभी सांड ने उस पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे हुआ। मृतक की पहचान पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकेला पुरवा (मजरा राभा) निवासी 35 वर्षीय रवि शंकर पुत्र स्वर्गीय श्रीकृष्ण के रूप में हुई है। रवि शंकर अपने पिता की मृत्यु के बाद से खेती कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके भाई बीर बहादुर ने बताया कि गुरुवार दोपहर को रवि शंकर अपने खेत पर गन्ने की फसल की रखवाली करने गए थे। खेत में रखवाली के दौरान अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने रवि शंकर को उठाकर जमीन पर पटकना शुरू कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद सांड को वहां से भगाया, लेकिन तब तक रवि शंकर की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। रवि शंकर अपने पीछे पत्नी सोनी, बेटे राज और दो बेटियों लक्ष्मी व प्रिया को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
Source link
हरदोई में सांड के हमले से किसान की मौत:गन्ने के खेत की रखवाली करते समय हुआ हादसा