![]()
बरेली की बारादरी पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 4 जून को सुरेश शर्मा नगर निवासी अनिल अग्रवाल और गिरीराज किशोर मांगलिक के घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। चोर घरों से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। पीड़ितों की शिकायत पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। CCTV और सर्विलांस से मिली सफलता जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सम्राट अशोक नगर मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा खान, यूसुफ और हिना के रूप में हुई है। तीनों बदायूं जिले के कबूलपुरा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। 45 हजार नकद समेत जेवर बरामद तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन, 45,950 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। बंद मकानों की करते थे रेकी पूछताछ में आरोपियों ने सुरेश शर्मा नगर क्षेत्र में बंद पड़े मकानों की रेकी करने और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह सुनसान और बंद मकानों को निशाना बनाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के दो अन्य सदस्य अकबर और हसन उर्फ डबुआ अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गैंगस्टर समेत कई मुकदमे दर्ज पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजा खान के खिलाफ बदायूं जिले में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ा दी हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Source link
बरेली में चोर गैंग के महिला समेत 3 गिरफ्तार:25 लाख के जेवर, नकदी बरामद, बंद मकानों को बनाते थे निशाना