बदायूं के दुर्विजय शाक्य बने बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष:ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष थे, संगठन ने दिया प्रमोशन, लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं


भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रदेश कार्यकारिणी में बदायूं के दुर्विजय शाक्य को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पदोन्नति उनके राजनीतिक करियर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे पहले, दुर्विजय शाक्य ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। उनकी पदोन्नति के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि वे बदायूं के ही मूल निवासी हैं। दुर्विजय शाक्य मूल रूप से बदायूं के दातागंज इलाके के ब्राह्मपुर गांव के रहने वाले हैं। उनका जन्म 12 फरवरी 1977 को हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय वैध रामलाल शाक्य और मां स्वर्गीय रामकुंवरी थीं। दुर्विजय पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं, और उनकी तीन बहनें भी हैं। उनके भाई देवेंद्र शाक्य कई वर्षों से ब्रह्मपुर गांव के प्रधान हैं। वर्तमान में, दुर्विजय बरेली के विशप मंडल कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी पांचवीं तक की शिक्षा गांव के बेसिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद, उच्च शिक्षा के लिए वे बरेली चले गए। उन्होंने बीएससी, बीएड, एमए (राजनीति विज्ञान), कानून की डिग्री और मॉस कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा जैसी उच्चस्तरीय शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने बरेली निवासी मोना भाटिया से अंतरजातीय विवाह किया है, जो पंजाबी समुदाय से हैं और एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। दुर्विजय शाक्य ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1994 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में शामिल होकर की थी। इसके बाद, 1995 में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े। इसी वर्ष वे बरेली कॉलेज इकाई के सहमंत्री बने। 1997 में, उन्होंने बरेली में विद्यार्थी परिषद के महानगर महामंत्री, महानगर उपाध्यक्ष, विभाग संयोजक और प्रदेश सह मंत्री जैसे विभिन्न पदों पर कार्य किया। 2001 में, उन्होंने शाहजहांपुर में विद्यार्थी परिषद के विस्तारक के रूप में कार्यभार संभाला। 2002 से, उन्होंने विद्यार्थी परिषद में पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में मुरादाबाद-रामपुर विभाग के संगठन मंत्री का दायित्व संभाला। इसी वर्ष, राम मंदिर आंदोलन के शिला पूजन कार्यक्रम के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया और 14 दिनों तक जेल में रहना पड़ा। 2024 के लोकसभा चुनाव में, उन्होंने ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष रहते हुए बदायूं संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *