![]()
हापुड़ के मोहल्ला गंगापुरा की दलित बस्ती में दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर स्थानीय लोगों ने गुरुवार दोपहर प्रदर्शन किया। निवासियों ने सड़क पर उतरकर नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से समस्या का तत्काल समाधान करने की गुहार लगाई। धरना प्रदर्शन कर लगाई गुहार स्थानीय निवासियों नितिन कुमार और धीरज ने बताया कि सरकारी पानी की टंकी से लंबे समय से बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है। इस संबंध में नगर पालिका को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि दूषित पानी के कारण क्षेत्र में पीलिया, पेट संबंधी बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के मामले बढ़ रहे हैं। लोगों ने आशंका व्यक्त की कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गंभीर स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो सकता है। उनका कहना था कि अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और बोतलबंद पानी या महंगे वाटर फिल्टर खरीदने में सक्षम नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें सरकारी सप्लाई का दूषित पानी ही इस्तेमाल करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर पानी की गुणवत्ता की जांच कराने, जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ईओ संजय मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर लोगों की समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। आमजन को कोई परेशानी नहीं होने दी जायगी।
Source link
दूषित पेयजल को लेकर लोगों का प्रदर्शन:हापुड़ में नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप