- Hindi News
- Sports
- Messi Statue Inauguration | Patagonia Argentina | World Cup Record
स्पोर्ट्स डेस्क2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के 39वें जन्मदिन में उनका सबसे बड़ा स्टैच्यू बनाया गया है। अर्जेंटीना के पटागोनिया के कट्राल शहर में मेसी की 85 फीट ऊंची मूर्ति का उद्धघाटन किया गया। यह दुनिया में मेसी की अब तक की सबसे बड़ी प्रतिमा है।
स्टैच्यू को बनाने में 70 हजार किलो (70 टन) स्टील का इस्तेमाल हुआ। इसे तैयार करने में 18 महीने लगे। यह सम्मान मेसी के वर्ल्डकप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर बनने के दो दिन बाद मिला।
मेसी ने सोमवार को ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजे का रिकॉर्ड तोड़ा था। उनके नाम अब 18 वर्ल्डकप गोल हो चुके हैं।
मेसी के स्टैच्यू की फोटो…

85 फीट ऊंची मूर्ति के सामने खड़े स्थानीय लोग।

कट्राल को शहर में मेसी के हजारों फैंस जुटे।

मूर्ति में 2022 वर्ल्डकप फाइनल के बाद जश्न मनाते मेसी।
2022 वर्ल्डकप फाइनल का पल दिखाती है प्रतिमा
प्रतिमा में मेसी को कतर वर्ल्डकप 2022 फाइनल के बाद घुटनों पर बैठे हुए दिखाया गया है। फ्रांस के खिलाफ फाइनल में गोंजालो मोंटिएल के पेनल्टी गोल के बाद अर्जेंटीना वर्ल्ड चैंपियन बना था।
मूर्ति में मेसी एक हाथ में अर्जेंटीना की जर्सी पकड़े हुए हैं, जबकि दूसरे हाथ की उंगली आसमान की ओर उठी हुई है। गोल करने के बाद मेसी अक्सर अपनी दादी को श्रद्धांजलि देने के लिए ऐसा जश्न मनाते हैं।
स्थानीय कलाकार ने तैयार की विशाल प्रतिमा
61 साल के स्थानीय मूर्तिकार एल्डो बेरोइसा ने इस प्रतिमा को तैयार किया है। इससे पहले वे डायनासोर और अर्जेंटीना के स्वतंत्रता सेनानियों की विशाल मूर्तियां बना चुके हैं। बेरोइसा ने कहा, मेसी अर्जेंटीना के राजदूत हैं। एक कलाकार और अर्जेंटीनी होने के नाते यह मेरे लिए बेहद खास परियोजना थी।
भारत में बनी 70 फीट की प्रतिमा हटानी पड़ी थी
मेसी ने पिछले साल दिसंबर में भारत का दौरा किया था। इसी दौरान वेस्ट बंगाल में उनकी 70 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई गई थी। 27 दिनों में तैयार हुई उस प्रतिमा को दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉलर स्मारकों में गिना गया था, लेकिन इसी महीने स्थानीय प्रशासन ने उसे हटाने का आदेश दे दिया। अधिकारियों के मुताबिक तेज हवा में प्रतिमा हिल रही थी और सुरक्षा के लिहाज से खतरा बन सकती थी।
मेसी की वेस्ट बंगाल में 70 फीट ऊंची मूर्ति बनाई गई थी।
मेसी के सम्मान में बना नया म्यूरल
वर्ल्डकप के दौरान अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में मेसी के सम्मान में म्यूरल भी बनाया गया है। करीब 20 फीट चौड़ी और 18 फीट ऊंची इस कलाकृति पर 1300 प्रशंसकों ने अपने नाम लिखे हैं।
कलाकार लियोनेल गार्सिया ने 18 दिनों में यह म्यूरल तैयार किया है। मेसी ने वीडियो के जरिए सभी फैंस का धन्यवाद किया और कहा, आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया। जो लोग इस पहल से जुड़े और लगातार समर्थन कर रहे हैं, मैं उनका आभारी हूं।

मेसी के सम्मान में बना म्यूरल।
—————————————— मेसी से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
मेसी वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बने

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी फुटबॉल वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ऑस्ट्रिया के खिलाफ मेसी ने पहले अपना 17वां गोल दागकर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजा (16 गोल) का रिकॉर्ड तोड़ा और फिर मैच के आखिरी में एक और गोल कर इसे 18 तक पहुंचा दिया। पढ़ें पूरी खबर…
