![]()
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले से बीए की एक छात्रा घायल हो गई। आरोप है कि एक घर में पाले जा रहे एक दर्जन से अधिक कुत्तों के झुंड ने छात्रा पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। किसी तरह राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कुत्तों को भगाकर छात्रा की जान बचाई। घटना के बाद जब परिजनों ने कुत्तों की मालकिन से शिकायत की तो विवाद हो गया। पीड़ित परिवार ने मामले की लिखित तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस से की शिकायत, महिला बोली जो करना है कर लो कल्याणपुर आवास विकास निवासी जय श्रीवास्तव एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी तन्नू श्रीवास्तव, जो बीए की छात्रा है, देर रात अपनी मौसेरी बहन के साथ मौसी के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली फराह खान के घर के बाहर मौजूद एक दर्जन से अधिक कुत्तों के झुंड ने अचानक तन्नू पर हमला कर दिया। कुत्तों ने छात्रा के पैर को कई जगह से नोच लिया, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। परिजनों के अनुसार तन्नू की चीख-पुकार सुनकर उसकी मौसेरी बहन उसे बचाने दौड़ी, लेकिन कुत्तों ने उस पर भी झपटने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को खदेड़ा। इसके बाद घायल छात्रा को सुरक्षित घर पहुंचाया गया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उक्त घर में बड़ी संख्या में कुत्ते पाले गए हैं, जो अक्सर राहगीरों पर झपटते हैं। कई बार लोगों ने इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद जब परिजनों ने कुत्तों की मालकिन से विरोध जताया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि शिकायत करने पर महिला उल्टा पीड़ित पक्ष से ही विवाद करने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने छात्रा का उपचार कराया और कल्याणपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। थाना प्रभारी बोले-
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link