![]()
प्रयागराज के लूकरगंज में बुधवार सुबह एक स्टेशनरी की दुकान में आग लगने से अफरातफरी मच गई। दुकान एक मकान के भीतर संचालित की जा रही थी। आग लगने के बाद पूरे घर में धुआं भर गया, जिससे आसपास के लोगों और मकान में रहने वालों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
धुआं देखकर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे के करीब अचानक दुकान से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में धुआं पूरे मकान में फैल गया। जब घर के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। आग की सूचना मिलते ही खुल्दाबाद चौकी के दरोगा नीरज यादव मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया।
आधे घंटे में आग पर पाया गया काबू
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह पूरे मकान में फैल सकती थी।
किताबें, कॉपियां और स्टेशनरी का सामान जला
आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। दुकान में बड़ी संख्या में किताबें, कॉपियां और अन्य स्टेशनरी सामग्री रखी हुई थी। आग बुझने के बाद दुकान के भीतर का अधिकांश हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
मकान में रहते हैं किरायेदार भी
बताया जा रहा है कि यह मकान राजमणि गोयल पत्नी अरविंद गोयल का है। राजमणि अपने बेटे के साथ यहां रहती हैं। मकान में कुछ किरायेदार भी निवास करते हैं। इसी परिसर में स्टेशनरी की दुकान संचालित की जा रही थी, जहां आग लगी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फायर स्टेशन ऑफिसर सिविल लाइंस राजेश चौरसिया ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग को मकान के अन्य हिस्सों में फैलने से पहले ही बुझा लिया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है।
बड़ी दुर्घटना टली
स्थानीय निवासी अरविंद शुक्ला ने बताया कि दुकान बंद होने और समय पर दमकल टीम के पहुंच जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। मकान में परिवार के सदस्यों और किरायेदारों की मौजूदगी को देखते हुए आग के फैलने की स्थिति में गंभीर नुकसान हो सकता था।
Source link
स्टेशनरी शॉप में आग, छह फीट ऊंची लपटें उठीं:प्रयागराज में मकान के भीतर चल रही थी दुकान, लाखों का सामान जला