सिद्धार्थनगर में डीजे पर नाचने को लेकर विवाद:मामूली बात पर कहासुनी, घराती पक्ष के कुछ लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई


सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र के निबिहवां गांव में 22 जून की रात एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने को लेकर घराती और बरातियों के बीच विवाद हो गया। यह मामूली कहासुनी देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग एक-दूसरे से मारपीट करते दिख रहे हैं। बारात मोहाना थाना क्षेत्र के गोसाईगंज गांव से निबिहवां गांव आई थी। शादी की रस्मों के दौरान डीजे पर नृत्य चल रहा था, तभी नाचने को लेकर दोनों पक्षों के कुछ युवकों में विवाद शुरू हो गया। शुरुआती बहस जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। वायरल वीडियो में कई लोग एक-दूसरे से हाथापाई करते स्पष्ट दिख रहे हैं। कुछ लोग झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहे थे, जबकि अन्य हमला करते नजर आए। इस दौरान शादी समारोह में मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में स्थानीय लोगों और जिम्मेदार व्यक्तियों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। चिल्हिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश गुप्ता ने बताया कि बराती पक्ष के रामशंकर गोसाई की तहरीर पर घराती पक्ष के कुछ लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *