ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा:मथुरा में दो घंटे जाम रहा लक्ष्मी नगर, परिजन बोले-डॉक्टरों ने लापरवाही की


मथुरा में सदर बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में पैर के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो जाने से परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने पहले अस्पताल में हंगामा किया और बाद में लक्ष्मी नगर में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया। यमुनापार क्षेत्र की शिव नगर कॉलोनी निवासी प्रीती तीन दिन पहले एक हादसे में घायल हो गई थीं। दुर्घटना में उनके पैर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें सदर बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद पैर के ऑपरेशन की सलाह दी थी। सोमवार को महिला का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद प्रीती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनका कहना है कि महिला बेहोश हो गई और कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और रिश्तेदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सड़क पर शव रखकर लगाया जाम पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर लक्ष्मी नगर पहुंचे तो उनका आक्रोश फिर भड़क उठा। बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजन डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे। दो घंटे बाद खुला जाम जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जमुनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल कराया गया। जांच के बाद होगी कार्रवाई एसपी सिटी राजीव सिंह ने बताया कि महिला की मौत के मामले में परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रशासन से भी घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *