गोंडा में सपा कार्यालय से बाइक चोरी:दिनदहाड़े हुई वारदात सीसीटीवी में कैद, लॉक तोड़कर स्टार्ट कर ले गया चोर


गोंडा नगर कोतवाली क्षेत्र में समाजवादी पार्टी कार्यालय से दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना कल 21 जून को दोपहर करीब 12:10 बजे हुई। पटेल नगर कच्चे बाबा मार्ग निवासी नियाज खान ने अपनी मोटरसाइकिल सपा कार्यालय के अंदर खड़ी की थी। वह पास के वी-मार्ट स्टोर पर कुछ सामान लेने गए थे, जो लगभग 50 मीटर की दूरी पर है। जब नियाज खान वापस लौटे तो उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल गायब पाई। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति पीले रंग की शर्ट और सफेद पैंट पहने हुए कार्यालय के अंदर आता दिख रहा है। वह खड़ी मोटरसाइकिलों के बीच पहुंचकर एक मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ता है, उसे बाहर निकालता है और फिर स्टार्ट करके फरार हो जाता है। चोरी करते समय उसने अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और नियाज खान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी चोर की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। गोंडा नगर कोतवाली क्षेत्र में लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों को पकड़कर जेल भेजने के बावजूद चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *