मुख्यमंत्री सभा से पहले आंगनबाड़ी पदाधिकारी नजरबंद:प्रशासन पर विरोध दबाने का आरोप, ज्ञापन देने की थी तैयारी


फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के एक संगठन ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का दावा है कि उनके पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री की सभा से पहले नजरबंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास सौंपने के लिए जनपद आ रहे हैं। आंगनबाड़ी संगठन के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं और विभाग में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान भी किया गया था। संगठन के नेता राजेश शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी योजना की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने के बाद रविवार से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके आवास सहित कई पदाधिकारियों के घरों पर निगरानी बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि उन्हें और संगठन के अन्य पदाधिकारियों को पुलिस बल की मौजूदगी में घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
शर्मा ने बताया कि ज्ञापन देने की तैयारी लंबे समय से चल रही थी, लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई से उनकी पूरी योजना प्रभावित हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों की आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *