दुकान का लेंटर गिरने से मलबे में दबा मजदूर, मौत:मैनपुरी में बल्ली टूटने से दुकान पर गिरा, 8 घायल


मैनपुरी में भोगांव थाना क्षेत्र के छाछा गांव में रविवार को निर्माणाधीन दुकान का लेंटर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, छाछा गांव निवासी सुरेंद्र फौजी की निर्माणाधीन दुकान पर लेंटर डालने का कार्य चल रहा था। मजदूरों की टीम ठेके पर लेंटर डालने का काम कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लेंटर का कार्य लगभग पूरा हो चुका था और मशीन हटाई जा रही थी। इसी दौरान शटरिंग में लगी एक बल्ली अचानक टूट गई, जिससे पूरा लेंटर भरभराकर नीचे गिर गया। मलबे में दब गए मजदूर लेंटर गिरते ही वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही भोगांव पुलिस, एसडीएम नीरज द्विवेदी, तहसीलदार तथा क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी मशीनों द्वारा बचाव अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। मजदूर लगभग आधे घंटे तक मलबे में फंसे रहे। जिला अस्पताल में हुई मौत हादसे में घायल हुए मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगांव भेजा गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर तुलाराम (46) पुत्र राजाराम निवासी ग्राम सूरजपुर, भोगांव को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सीएचसी भोगांव के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मोहित चतुर्वेदी ने बताया कि दो मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों ने कोई सुरक्षा उपकरण नहीं पहन रखे थे। अधिकांश मजदूर सूरजपुर गांव के रहने वाले थे और ठेके पर लेंटर डालकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। एसडीएम नीरज द्विवेदी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि मलबा हटाने का कार्य जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने संबंधी घोषणा सोमवार को की जा सकती है। प्रत्यक्षदर्शी कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि कार्य लगभग पूरा हो चुका था। शटरिंग की बल्ली टूटने के बाद अचानक पूरा लेंटर गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *