सनी गुप्ता, संभल4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

संभल में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के युवा जिला कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
उद्घाटन के दौरान संगठन को मजबूत करने और युवाओं की राजनीतिक व सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस कार्यालय के शुभारंभ को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से जोड़कर देखा जा रहा है।

यह उद्घाटन समारोह रविवार रात 9 बजे संभल के थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला दीपा सराय में आयोजित हुआ। इसमें पश्चिम यूपी युवा अध्यक्ष एहतेशाम मंसूरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने और उन्हें संगठन की विचारधारा व जनहित के मुद्दों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
मंसूरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। कार्यक्रम में चेयरपर्सन पति चौधरी मुशीर अली खान, पूर्व नगर पंचायत प्रत्याशी जुबैर फैसल, संभल जिलाध्यक्ष असद अब्दुल्ला, नगराध्यक्ष मेहरान नोशाही, यूथ जिलाध्यक्ष नूर मोहम्मद, नगर सचिव तारिक अहमद, डॉ. गुलाम मोहम्मद और मुन्ना मॉडल सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

वक्ताओं ने बताया कि यह नया युवा जिला कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से युवाओं को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया गया।

उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उद्घाटन समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखा गया और कार्यकर्ताओं ने संगठन के विस्तार के लिए मिलकर काम करने का भरोसा जताया।
