![]()
गोरखपुर में नामी कंपनियों के उत्पादों की नकली पैकेजिंग का एक और मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग एवं कैंट पुलिस की संयुक्त छापेमारी में कई कंपनियों के उत्पादों की नकली पैकेजिंग पकड़ी गई है। इसमें ब्रुकबांड चाय, एवरेस्ट मसाला, कैडबरी जेम्स, राजेश मसाले जैसे उत्पाद शामिल हैं। टीम ने 4 क्विंटल 26 किलो चाय की पत्ती, 64 किलो नकली मसाला, चार गत्ता नकली कैडबरी जेम्स बरामद किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पहले कस्टमर बनकर यह माल मंगाया था, उसके बाद छापा मारा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिलावटखोरों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच कुछ कंपनियों के प्रतिनिधियों ने नकली पैकेजिंग की शिकायत की थी। जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग एवं कैंट थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। मौके से खाद्य पदार्थों के अलावा हार्पिक, ईनो आदि उत्पाद भी बरामद हुए। छापेमारी में सर्वाधिक मात्रा ब्रुकबांड ताजा चाय की नकली पैकेजिंग का मिला। टीम को 36-36 किलो की 6 बोरियां एवं 30-30 किलो की 7 बोरियां मिली हैं। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 6 हजार 500 रुपये है। इसी तरह एवरेस्ट और राजेश मसाले के नाम से तैयार नकली मसाला भी पकड़ा गया। छापा मारने वाली टीम ने 64 किलो मसाला पकड़ा है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 46 हजार रुपये है। टीम को 4 गत्ता नकली कैडबरी जेम्स भी मिला है। जिसकी कीमत लगभग 23 हजार रुपये है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई छापा मारने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष, प्रतिमा, संदीप कुमार सिंह, नरेंद्र और विजयानंद आदि शामिल रहे। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि छापेमारी में बरामद सभी पदार्थों के नमूने ले लिए गए हैं। जांच के लिए इसे लैब भेजा जाएगा। सहायक आयुक्त व अभिहित अधिकारी डा. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बरामद सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नामी कंपनियों की पैकिंग और ब्रांड की नकल कर बाजार में बेचने के मामले में कापीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए कंपनी के प्रतिनिधि की ओर से थाना कैंट में तहरीर दी गई है। मोहल्ले में था स्टोर, हमेशा बंद रखता था
कंपनी के प्रतिनिधि ने यह सूचना दी थी कि कैंट थाना क्षेत्र में कोई व्यक्ति नकली पैकेजिंग में कंपनी का माल बेच रहा है। सूचना ब्रुक बांड ताजा चाय के नकली पैकेजिंग की थी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रयास किया लेकिन स्टोर का पता नहीं लग पाया। इसके बाद सप्लाई करने वाले का नंबर मिला। शनिवार की सुबह 11:30 बजे उस नंबर पर फोन कर चाय की पत्ती का आर्डर बुक किया। आर्डर सप्लाई करने में पूरा दिन लग गया। शाम लगभग 6 बजे डिलीवरी वैन से एक व्यक्ति आर्डर लेकर पहुंचा तो उसे पकड़ लिया गया। उसके बाद उसी के सहारे टीम स्टोर तक पहुंची। वहां जांच हुई तो कई कंपनियों के नकली उत्पाद बरामद हुए। कहां से आता था माल, पड़ताल में जुटा विभाग
पकड़े गए स्टोर के मालिक ने बताया कि वह महराजगंज से माल मंगाता था। लेकिन पूरी तरह से उसकी बातों पर विश्वास नहीं किया जा रहा है। विभाग को शक है कि कहीं और से माल मंगाया जा रहा था। इसे देखते हुए टीम अभी पड़ताल में जुटी है। उस जगह का पता लगाया जा रहा है, जहां नकली पैकेजिंग होती है।
Source link
गोरखपुर में ब्रुकबांड चाय, एवरेस्ट मसाला, कैडबरी की नकली पैकेजिंग:कस्टमर बनकर खाद्य सुरक्षा ने माल मंगाया; फिर पुलिस के साथ मारा छापा