![]()
उन्नाव रेलवे स्टेशन पर बीती देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। आम्रपाली एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक महिला का पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन के नीचे आ गई। हालांकि, महिला की किस्मत अच्छी रही और पूरी ट्रेन गुजरने के बाद भी वह सुरक्षित बच गई। यह घटना रात करीब 12:14 बजे उन्नाव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-2 पर हुई। गाड़ी संख्या 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस खड़ी थी और महिला रामशिला (48) उसमें सवार होने का प्रयास कर रही थी। अचानक उसका पैर फिसला और वह प्लेटफार्म से नीचे ट्रैक पर जा गिरी। महिला के ट्रेन के नीचे आते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। डर के कारण महिला ट्रैक के नीचे ही लेटी रही। ट्रेन के पूरी तरह गुजर जाने के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) के जवानों ने तुरंत कार्रवाई की। आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने महिला के परिजनों की मदद से उसे ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में महिला के बाएं कान में मामूली चोट आई थी। घायल महिला की पहचान रामशिला (48) पत्नी गंगाराम, निवासी आमारपाली थाना उरगा, जिला कोरबा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। घटना के समय उनके पति गंगाराम और पुत्र सागर भी साथ थे। तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल महिला को जिला अस्पताल उन्नाव भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को छुट्टी दे दी, क्योंकि उसकी हालत सामान्य थी। आरपीएफ इंस्पेक्टर हरीश कुमार मीणा ने बताया कि आरपीएफ और जीआरपी की तत्परता से महिला को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
Source link
उन्नाव में आम्रपाली एक्सप्रेस के नीचे आई महिला VIDEO:ऊपर से पूरी ट्रेन निकली, RPF ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया