शाहनवाज खान | हरदोई4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हरदोई में आगामी 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 2,389 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराने की करीब करीब सभी तैयारियां पूरी कर लीं हैं।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी कर चुके हैं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 6 परीक्षा केंद्रों में आरआर इंटर कॉलेज, महाराणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, श्री वेणी माधव इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और सीएसएन पीजी कॉलेज शामिल है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली देहात और शहर क्षेत्र में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन से लेकर केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान खलल डालने वाले या अनुचित साधनों का प्रयोग कराने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सतर्क नजर रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा का घेरा कड़ा रहेगा और खुफिया विभाग को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के मानकों के अनुरूप सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। प्रशासन का दावा है कि इन पुख्ता तैयारियों के चलते परीक्षा पूरी तरह सकुशल, शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगी।
