चंदौली में राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया गया:कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मरीजों को फल बांटकर खुशियां मनाईं


चंदौली में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम को राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में केक काटकर खुशी जाहिर की गई। इस अवसर पर यूपी कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि राहुल गांधी को आज पूरा देश जननायक के रूप में सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों, युवाओं, किसानों, गरीबों, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे दुकानदारों की आवाज बन चुके हैं। मुन्ना ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और संघ की विचारधारा वाले लोगों ने राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन वे देश की जनता के दिलों से उनके प्रति सम्मान कम नहीं कर पाए। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की दूरदर्शिता को आज पूरा देश मान रहा है। उन्होंने उदाहरण दिया कि जब कोविड के रूप में आर्थिक सुनामी आई, तो राहुल गांधी ने सबसे पहले देशवासियों और सरकार को चेताया था। द्विवेदी ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने पूरे तंत्र पर कब्जा कर लिया है और राहुल गांधी को डराने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन उनकी ईमानदारी और दृढ़ता के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि आज भले ही देश में भाजपा की सरकार है, पर पूरा सिस्टम राहुल गांधी से डरता है। इस कार्यक्रम में शिवेंद्र मिश्रा, विजय त्रिपाठी, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, डॉ. रामधार जोसफ, गंगा प्रसाद, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, चंद्रवंश यादव, राममूरत गुप्ता, प्रताप पाण्डेय, शिवतापस्या तिवारी, गुलाब राम, कुलदीप वर्मा, श्रीकांत पाठक सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *